जंगीगंज। प्राचीन सेमराध नाथ धाम में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) पर एक माह तक चलने वाले मेले में हर रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यह मेला 17 मई को शुरू हुआ था और 15 जून तक जारी रहेगा। गंगा नदी के किनारे से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और दुकानों की रौनक देखने को मिल रही है। मान्यता है कि अधिकमास के दौरान दान, स्नान, जप और पूजा-पाठ का विशेष महत्व होता है। इसी के चलते रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सेमराध नाथ धाम पहुंचकर गंगा स्नान के बाद जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मेले के चलते पूरा क्षेत्र गुलजार हो गया है। मंदिर परिसर के आसपास पूजा सामग्री, प्रसाद, खिलौने और खानपान की अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं।