वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे पर थाना क्षेत्र के कलिंजरा मोड़ पर सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे बाइक सवार को बचाने की कोशिश में असंतुलित स्कार्पियो पेड़ से टकरा गई।
इससे उसमें सवार पांच लोगों में से एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश त्रिपाठी के पुत्र आलोक त्रिपाठी के रूप में हुई है, जबकि अन्य चार का उपचार स्थानीय निजी अस्पताल में किया गया।
मिर्जापुर के विजयपुर कोठी निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश त्रिपाठी के पुत्र एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के भतीजे आलोक त्रिपाठी (40) सोमवार को अपने चार सहयोगियों के साथ किसी कार्य के लिए इलाहाबाद जा रहे थे।
वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे पर ऊंज के कलिंजरा मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के दौरान स्कार्पियो असंतुलित होकर जीटी रोड के किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
इससे आलोक त्रिपाठी, तौफिक (35) पुत्र नूरूल्ला निवासी वासलीगंज, आशुतोष मिश्र (38) पुत्र शिवराम मिश्रा, धर्मपाल सिंह (45) पुत्र शमशेर बहादुर सिंह कोठी मिर्जापुर और चालक अफरोज खान (35) पुत्र अजीम निवासी मिर्जापुर घायल हो गए। हादसा होते ही वहां चीखपुकार मच गई।
दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े आैर घायलों को बाहर निकाला। हादसे की खबर लगते ही ऊंज थाने की पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आलोक को ज्ञानपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर चार अन्य घायलों को भीटी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां देर शाम सभी को उपचार के बाद उनके परिजनों के आने पर छुट्टी दे दी गई। क्षेत्र में हादसे को लेकर दिनभर चर्चा होती रही आैर लोग दुःख व्यक्त करते रहे।