जगापुर पड़ान गांव में शनिवार की देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने लाखों का सामान चोरी कर लिया। रविवार की सुबह गांव के लोगों को खेत में तोड़े कर फेकें गए बक्शे से चोरी की जानकारी हुई।
मौके पर गांव और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के एक दिन बाद सोमवार को दिल्ली से घर पहुंचे गृहस्वामी के पुत्र की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। भुक्तभोगी ने दावा किया कि चोरों ने जेवर, नकदी समेत लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ फेर दिया है।
गोपीगंज थानाक्षेत्र के जगापुर गांव की पड़ान बस्ती निवासी श्यामधर पांडेय के मकान में शनिवार की रात छत के रास्ते चोर घुस गए। चोर अंदर पहुंचने के बाद विभिन्न कमरों में रखे जेवर, नकदी समेत कीमती सामान से भरे बक्शों को उठा ले गए। बक्शों को खेत में ले जाकर उसे तोड़ने के बाद उसमें से रखे सभी जेवर और अन्य सामान उठा ले गए। सुबह शौच के लिए खेत की तरफ पहुंचे ग्रामीणों ने टूटे बक्शे को देखा। इसकी सूचना गांव के लोगों को दी। घर में बक्शे न मिलने और सामान बिखरे होने पर परिवार के लोग भौचक रह गए। मौके पर जाकर देखा तो सभी बक्शे टूटे थे और सामान भी गायब थे।
दिल्ली में रह रहे श्यामधर के पुत्र अशोक कुमार को जानकारी हुई तो वह सोमवार को घर पहुंचे। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर लाखों के सामान चोरी होने की जानकारी दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।