भदोही। विद्युत विभाग ने विद्युत चोरी की जांच और बकाया वसूली तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को एसडीओ टाउन गोविंद प्रसाद ने कई मोहल्लों में जांच की। जिसमें पांच लोगों को विद्युत चोरी करते पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के हड़ताल के चलते गत माह अभियान थम गया था, जिसे पुन: चालू कर दिया गया है। काशीपुर, दरोपुर, शहाबाबाद आदि मोहल्लों में चलाए गए अभियान के बारे में एसडीओ ने बताया कि 26 बकाएदारों के कनेक्शन काटने के साथ-साथ 4.50 लाख रुपये की बकाया वसूली भी की गई। पांच उपभोक्ताओं ने जहां विद्युत भार बढ़वाए, वहीं 5 लोगों के मीटर घरों के अंदर से निकाल कर बाहर किए गए। बताया कि 1 केवी से 4 केवी लोड वाले 10 हजार से ऊपर के बकाएदारों के कनेक्शन काटने के निर्देश हैं। पांच केवी भार वाले उपभोक्ताओं का एक माह का भी बकाया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से भुगतान समय से करने और विद्युत चोरी से बचने की सलाह दी। अभियान में एई मीटर सुनील कुमार, जेई धर्मेंद्र गुप्ता, विनोद यादव, ध्रुव कुमार, शैलेंद्र मौर्य, पवन कुमार आदि रहे।