भदोही। कोतवाली क्षेत्र के प्रजापतपुर में सोमवार को दोपहर तेज रफ्तार बेलोरो के धक्के से एक बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक और बोलेरो दोनों भदोही से औराई की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने बगैर पीछे देखे बाइक मोड़ दी और पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। तीनों को डायल - 100 पुलिस ने महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मुड़ियापुर के रमेश वनवासी (30), सरोज वनवासी (25) और रामबली वनवासी (40) बाइक से रजपूरा चौराहे से अपने घर की ओर जा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि प्रजापतपुर में उन्होंने अपनी बाइक एकाएक दाहिनी तरफ मोड़ दी और पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन के धक्के से वे तीनो बाइक सहित हवा में उड़ गए। घटना के बाद बेलोरो चालक डर के मारे वाहन छोड़ फरार हो गया जबकि मौके पर जुटे लोगों ने डायल-100 को खबर की।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि हालांकि शासन ने बाइक सवारों को हेलमेट अनिवार्य कर दिया है, लेकिन घायलों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।
पुलिस ने आवश्यक छानबीन के बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया जहां तीनो को गंभीर बताते हुए चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस बोलेरो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही थी।