लालानगर। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के रामापुर गांव में सोमवार को ट्रांसफॉर्मर पर चिड़िया के बैठने के कारण कई घरों में हाईवोल्टेज करेंट दौड़ गया। इससे एक मकान में आग लग गई, जबकि छह घरों के बिजली उपकरण जल गए। करेंट से गांव के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों का उपचार किया।सोमवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे गांव में लगे ट्रांसफार्मर पर एक पक्षी बैठ गया। इससे निकले 11 हजार वोल्ट लाइन के तार से पास से गुजर रहे केबल में स्पर्श कर गया। इससे कई घरों में हाईवोल्टेज करेंट दौड़ गया। गांव में स्थित संजय श्रीवास्तव पुत्र गुलाब चंद श्रीवास्तव का मकान बंद था। परिवार घर पर नहीं था। थोड़ी ही देर में उनके मकान से आग की चिंगारी निकलने लगी। यह देखकर गांव वाले सकते में आ गए। भाग कर देखा तो मकान में आग लगी थी। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया और लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो घर के अंदर टीवी सहित बिजली के अन्य उपकरण जल गए थे। अन्य सामान भी जलकर राख हो गए थे। करेंट की चपेट में आने से सुमन श्रीवास्तव (40) पत्नी ज्योति प्रकाश, रुचि श्रीवास्तव (18) पुत्र सत्येंद्र श्रीवास्तव और साजन यादव (15) पुत्र राजकुमार यादव गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामला उच्चाअधिकारियों के संज्ञान में आने पर घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित कोतवाली ज्ञानपुर कोतवाल और बिजली विभाग के एक्सईएन अमर सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर झुलसे लोगों का उपचार किया।