भदोही। भदोही कोतवाली क्षेत्र के हरियांव में ज्ञानपुर रोड पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। कार के अंदर एक ही परिवार के सात लोग बैठे थे। मौके पर पहुंचे रजपुरा पुलिस चौकी प्रभारी राम बहादुर सिंह ने बताया कि वाहन की हालत देख कर कोई भी कह सकता है कि तीन चार मौतें हो गई होंगी, लेकिन संयोग से सभी को मामूली चोटें आईं थीं। जिनका उपचार रामरायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में कराया गया। जहां से मंगलवार को सुबह दूसरे वाहन से वे गुलाम टोला देवरिया अपने घर को रवाना हो गए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि रात्रि 10 बजे की घटना है। देवरिया के श्री प्रकाश पांडेय अपने घर के छह अन्य लोगों के साथ चालक राहुल के साथ कुंभ नहाने गए थे। वहां से लौटते हुए उनकी वाहन ज्ञानपुर रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में घुस जाने से उनकी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर आस पास के लोगों में पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद वे सुबह देवरिया रवाना हो गए। कहा कि जिस प्रकार से दुर्घटना हुई है उससे कोई भी देख कर कह सकता है कि कई जानें गई होंगी लेकिन सभी सुरक्षित हैं और आंशिक रूप से घायल हुए थे। उधर मूंसीलाटपुर के ग्रामीणों ने लबे रोड खड़ी होने वाली ट्रकों को वहां से हटाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि रात के समय उचित प्रकाश व्यवस्था न होने से मार्ग पर हरदम दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।