ज्ञानपुर। सुरियावां थाना क्षेत्र के बनकट गांव में अवैध तरीके से संचालित ईंट भट्ठे को मंगलवार को खनन निरीक्षक अरविंद यादव ने सीज कर दिया। कार्रवाई से भट्ठा संचालको में खलबली मची रही।
कुछ माह पहले बनकट गांव के ग्रामीणों नेआईजीआरएस पर शिकायत की थी कि बनकट गांव में अवैध तरीके से भट्ठा संचालित है। उसी शिकायत के मद्देनजर मंगलवार को खनन निरीक्षक ने सुरियावां पुलिस के साथ बनकट स्थित एसकेडी भट्ठा निर्माता फर्म पर छापेमारी की। अचानक हुई छापेमारी से संचालक आदि गायब हो गए। जांच में पाया गया की भट्ठा संचालक की ओर से दो साल से न तो रायल्टी जमा की गई है और ना ही स्वच्छता प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सके थे। मौके पर भट्ठा संचालक संजय दुबे पुत्र लालचंद दुबे निवासी बनकट भी नहीं मिले। मामले को संज्ञान में लेते हुए भट्ठे को सीज किया गया। संचालक के खिलाफ करवाई के लिए सुरियावां थाने में तहरीर दी गई। बताते चलें की जिले में 189 के करीब ईट भट्ठा संचालित है जिसमें कई के अभिलेख भी दुरुस्त नहीं है।