भदोही। नगर की एक एयर टिकटिंग एजेंसी पर लोगों के लाखो रुपये हड़प कर जाने के आरोपों के बाद कोतवाली पुलिस ने एजेंसी में कार्यरत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एजेंसी संचालक मौके पर नहीं मिला। पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जांच की जा रही है। देर शाम तक कोतवाली में कई भुक्तभोगी जमा थे।
जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड पर हालीडेज केयर नाम से एक एजेंसी संचालित है जो हवाई जवाज के टिकट बनाती है। सोमवार को सायं 4 बजे एजेंसी पर तीन कालीन व्यापारी पहुंचे जिन्होंने संचालक के बारे में पूछा। संचालक की अनुपस्थिति में लोग वहीं पर बैठ गए और अपना अग्रिम राशि वापस मांगने लगे। एजेंसी में बैठे तीन कर्मचारियों ने किसी प्रकार की जिम्मेदारी से इंकार किया और कहा कि वे महज कर्मचारी हैं।
शिकायतकर्ताओं की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस एजेंसी में ताला लगा कर तीनो कर्मचारियों को कोतवाली ले आई। शाम तक तीनो कर्मचारी पुलिस हिरासत में थे। इस संबंध में कोतवाल नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि कालीन निर्यातक पंकज बरनवाल समेत कई लोगों की शिकायत सामने आई है। मामले की जांच के साथ साथ एजेंसी संचालक से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पक्षों को मंगलवार को कोतवाली बुलाया गया है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।