कोतवाली क्षेत्र के कंसरायपुर गांव में सोमवार को जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं। इसमें दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कंसरायपुर गांव निवासी अशोक यादव और मंगल यादव आपस में पट्टीदार हैं। दोनों पक्षों में जमीन के बंटवारे को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर रविवार को मंगल यादव के पक्ष के कुछ लोग मुंबई से आए थे। दोनों पक्षों में बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी। बात-बात में ही तनाव की स्थिति हो गई, लेकिन लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। सोमवार को सुबह लगभग 9.30 बजे दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हो गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। मारपीट में ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे समेत धारदार हथियार का भी इस्तेमाल हुआ। घायलों में एक पक्ष से अशोक यादव (48), शिवशंकर यादव (50), आनंद यादव (25), निशांत यादव (20) और दूसरे पक्ष से मंगल यादव (22), छोटेलाल यादव (21) और आनंद (21) शामिल हैं। इस बीच किसी ने यूपी-100 और कोतवाली पुलिस को सूचित कर दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज पांडेय ने मौके पर पहुंच कर मारपीट के कारणों की जानकारी ली और घायलों को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भेजकर उपचार कराया। इस दौरान दो लोगों को अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है। एक पक्ष के अशोक और शिवशंकर को एमबीएस के डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया है।