लालानगर/गोपीगंज। गोपीगंज थानाक्षेत्र के गांधी गांव में मंगलवार को विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में गिरफ्तार मृतका के पति को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। गांधी गांव निवासी रुबीना (26) पुत्री रफीक निवासी मेवड़ापुर ने मंगलवार को फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली थी। उसकी शादी 2009 में गोपीगंज थानाक्षेत्र के गांधी गांव निवासी परवेज आलम पुत्र स्व. मैनुद्दीन के साथ हुई थी। मंगलवार को किसी समय रुबीना ने कमरे में फांसी लगा लिया। उसके फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पति परवेज ने दोपहर एक बजे रुबीना के पिता रफीक को फोन पर दी। जानकारी मिलने पर विवाहिता के मायके के लोग गांधी गांव पहुंच गए और पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। मौके पर पहुंचे गोपीगंज प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पिता रफीक अहमद ने दामाद पर पुत्री को फांसी लगाकर मार देने की तहरीर दी। मृतका को बच्चे नहीं थे। घर में पति और सास के साथ रहती थी। घटना के दिन सास घर पर नहीं थी। ऑटो चालक पति अपना ऑटो लेकर कहीं गया था। तभी रुबीना ने कमरे में नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगा लिया। मायके वालों का आरोप है कि जब से विवाह हुआ है, तब से ही पति विवाहिता को प्रताड़ित कर रहा था। इस मामले में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पति को जेल भेज गिया।