ज्ञानपुर (भदोही)।
कोतवाली क्षेत्र के खरगपुर गांव में ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को दबोचने में शनिवार को सफलता हासिल की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नागेश्वरनाथ मंदिर से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
कोतवाली पुलिस शनिवार को गश्त पर निकली थी। सूचना मिली कि चालक हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त भागने की फिराक में है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर अजय कुमार सिंह और चौकी असनांव के उप निरीक्षक ईश्वरदेव सिंह ने नागेश्वरनाथ मंदिर से वांछित अभियुक्त भुवर यादव उर्फ खुशियाल पुत्र टेढ़ई यादव निवासी विशुनपुर को गिरफ्तार किया। बताते चलें कि 20 सितंबर को सुबह आठ बजे खरगपुर में ट्रक की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई थी। उक्त घटना के बाद वृद्ध के परिजन समेत कई लोगों ने चालक लल्लन सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। चालक के परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कई अज्ञात पर हत्या, बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बृहस्पतिवार की रात दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि चालक हत्याकांड में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।