ज्ञानपुर। आपूर्ति निरीक्षक विजय प्रताप की रहस्यमय हालात में हुई मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत हुई बताई जा रही है। इससे माना जा रहा है कि आपूर्ति निरीक्षक की मौत फंदा लगने के बाद गला दबने से हुई। हालांकि इसके बाद भी इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि आखिर किन परिस्थितियों में निरीक्षक ने फंदा लगा लिया। दूसरी ओर कमरे में मिले सुसाइड नोट को लेकर पुलिस गंभीर हो गई है। आपूर्ति निरीक्षक विजय प्रताप की बृहस्पतिवार को अलसुबह उनके किराए के कमरे में पंखे के सहारे फंदे में लटकती हुई लाश मिली थी। इसके बाद हड़कंप मच गया था। वह घटना से एक दिन पूर्व ही अपने घर प्रतापगढ़ से लौटे थे। मौके पर पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला था, जिसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया, लेकिन पुलिस सूत्रों से पता चला है कि सुसाइड नोट में कुछ ऐसा है, जो इस घटना को लेकर संदेह उत्पन्न कर रहा है। पुलिस की जांच फिलहाल सुसाइड नोट पर केंद्रित हो गई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि यह मामला सुसाइड का ही है, लेकिन सुसाइड की स्थिति कैसे बनी, इसकी जांच की जा रही है। कमरे से मिले सुसाइड नोट पर काम किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस मामले की तह तक पहुंच जाएगी।