वहिदा नगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के गोलखरा गांव में रविवार की रात अबूझ हाल में जलकर एक विवाहिता की मौत हो गई। पिछले एक वर्ष से वह मायके में रह रही थी। उसकी शादी इलाहाबाद के जगतपुर गांव में हुई थी। विवाहिता कैसे जली, यह स्पष्ट नहीं हो सका। हालांकि चर्चा है कि ससुराल वाले उसे विदा कराकर ले नहीं जा रहे थे। इससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीघ ब्लॉक के गोलखरा गांव निवासी श्रीनाथ सरोज की बेटी रंजना देवी (27) की शादी पांच साल पूर्व इलाहाबाद के जगतपुर निवासी ललित कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद रंजना को दो बेटियां हुईं। पिछले एक वर्ष से वह अपने मायके गोलखरा में रह रही थी। रविवार की रात में अचानक उसके कमरे से आग की लपटें निकलने लगीं। यह देख घर वाले और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक वह 90 फीसदी जल चुकी थी। परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर जाते, उसके पहले ही रंजना ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर कोइरौना थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि रविवार की शाम को किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। यह भी चर्चा थी कि ससुराल वालों के विदा न कराने के कारण वह व्यथित रहती थी। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।