ज्ञानपुर। मनबढ़ छात्रों की मारपीट से भयभीत एक छात्र ने स्कूल और कोचिंग जाना छोड़ दिया है, लेकिन तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। भदोही नगर के एक नामचीन स्कूल में पढ़ने वाले 11वीं के छात्र ईशान गुप्ता को कुछ मनबढ़ किस्म के छात्रों ने गत दिनों मारपीट दिया था। साथ ही धमकी दी थी। उसके पिता घनश्याम गुप्ता ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि गत 26 सितंबर को ईशान को उसी स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारा-पीटा था। साथ ही जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सहमे छात्र ने स्कूल और कोचिंग जाना बंद कर दिया। छात्र के पिता की गुहार पर एएसपी डॉ. संजय कुमार ने थानाध्यक्ष को कार्रवाई करने का निर्देश दिया, लेकिन बृहस्पतिवार को शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। एएसपी ने कहा कि मामले में जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।