मोढ़। इलाके के बसपरा गांव की 10 साल की बालिका अंजली की रविवार की शाम वरुणा नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि अंजली गांव के कई बच्चों के साथ नदी नहाने गई थी। उसके साथ उसकी छोटी बहन रूबी भी थी। रूबी गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगी। यह देखकर अंजली ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी और उसे धक्का देकर बाहर कर दिया, लेकिन खुद डूब गई। काफी खोजबीन के बाद भी शव का पता नहीं चल सका। रविवार दोपहर बाद बसपरा गांव से दर्जनभर लोग नहाने वरुणा नदी गए थे। उसी भीड़ में जय प्रकाश की बेटी अंजली (10) अपनी छोटी बहन रूबी (8) के साथ नहाने चली गई। साथ में स्थान करने गए लोगों ने बताया कि रूबी नहाते समय गहरे पानी में डूबने लगी। छोटी बहन को डूबते देख बड़ी बहन अंजली उसे बचाने की कोशिश करने लगी। वह उसे धक्का देकर किनारे की तरफ धकेल दी, लेकिन पानी के बहाव को वह खुद नहीं झेल पाई। इससे वह गहरे पानी में समा गई। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचान पर पहुंचे आसपास के लोगों ने काफी देर तक पानी में खोजबीन किए, लेकिन अब तक उसका शव नहीं मिल सका। अंजली अपनी तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत पर परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।