चौरी। लक्षापुर गांव के पास सोमवार को दो मासूमों को लेकर ट्रेन के सामने कूदने वाले पिता को हर कोई कोस रहा है। सभी की जुबां पर यही बात रही कि पति-पत्नी के विवाद में बच्चों का क्या दोष था। मामूली से बात ने तीन की इहलीला समाप्त कर दी।
सात साल पहले जंसा निवासी रवि गुप्ता की शादी लक्षापुर के अशोक गुप्ता की बेटी कविता से हुई थी। इस दौरान उन्हें दो बेटियां हुईं। इनमें एक का नाम शिवान्या और दूसरी का शिवांगी रखा। दो बच्चों संग रवि का जीवन खुशहाल चल रहा था, लेकिन सोमवार को एक झगड़े ने सब कुछ बदल दिया। बताया जाता है कि रविवार को ससुराल आए रवि गुप्ता को किसी बात को लेकर ससुराल वालों ने मारापीटा। उसकी पत्नी भी पति को छोड़ मायके वालों संग खड़ी दिखी। इसको लेकर रवि इतना क्षुब्ध हो गया कि दोनों बच्चियों को लेकर उसने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। बताया जाता है कि विवाद के दौरान रवि ने कई बार ट्रेन से कटने की बात कही तो पत्नी भी मजाक समझकर नहीं रोका। घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।