ज्ञानपुर। शासन और प्रशासन के तमाम दावों के बीच जिले में गोवंश की तस्करी नहीं थम रही है। हर रोज दर्जन भर से अधिक वाहन हाईवे से निकल रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही। भैंस और पड़वे के वाहनों को बरामद कर पुलिस वाहवाही लूट रही पर गोवंश की तस्करी पर लगाम नहीं कसा जा रहा। खाकी और नेताओं का गठजोड़ मुख्यमंत्री की मंशा को विफल कर रहा है। सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद से ही गोवंश की तस्करी पर रोक है, लेकिन पश्चिम बंगाल और पश्चिमी यूपी से आने वाले वाहनों से गोवंश की तस्करी हाईवे से की जा रही है। खाकी के कुछ गुमनाम चेहरों की कृपा से वाहनों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसमें कुछ सफेदपोशों का संरक्षण तस्करों को मिल रहा है, जिससे इस पर लगाम नहीं लग पा रहा है। पुलिस सूत्रों की मानें तो महकमें के कुछ लोग ही तस्करों से साठगांठ कर वाहनों को निकाल रहे हैं। जब तक विशेष सख्ती नहीं बरती जाएगी तब तक ऐसा ही चलता रहेगा। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गोवंश की तस्करी नहीं हो रही है, लेकिन रोक लगाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।