बलिया। मरीज की मौत के बाद जिला अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने शनिवार की शाम को हंगामा किया। उनका आरोप था कि चिकित्सक की लापरवाही से उनके मरीज की मौत हुई है। हंगामा की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची और समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराई। बताया जाता है कि नरही थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी मोतीचंद राम (60) की तबियत शनिवार को बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसका इलाज किया तथा इंजेक्शन लगाकर वापस भेज दिया। परिवार के लोग उसे घर ले ही जा रहे थे कि इस बीच उसकी तबियत और बिगड़ गई। उसे रास्ते से तत्काल अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस बात पर परिजन हो हल्ला करना शुरू कर दिये। परिजनों का आरोप था कि जब स्थिति गंभीर थी तो मरीज को भर्ती क्यों नहीं किया गया। यदि चिकित्सक भर्ती कर लेते तो मरीज की जान बच सकती थी। वहीं, चिकित्सक का कहना है कि मरीज की मौत हार्ट अटैक से हुई है।