अमृतसर से कोलकाता जाते समय रात में आजाद नगर के पास हुई घटना,तहरीर
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी छोर स्थित आजादनगर-बाबा बड़े शिव मंदिर मार्ग के पास राजमार्ग पर शुक्रवार की रात बाइक के शोरूम में अनियंत्रित ट्रक के टकरा जाने से नुकसान हुआ। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और शोरूम संचालक में अफरातफरी मची रही।
पंजाब के गुरदासपुर निवासी ट्रक चालक धर्म सिंह अमृतसर से सामान लादकर रात में कोलकाता जा रहा था। आजादनगर-बाबा बड़े शिव मंदिर मार्ग के पास पहुंचते ही ट्रक से वह अपना नियंत्रण खो बैठा और राजमार्ग के दक्षिणी लेन के किनारे स्थित होंडा बाइक शोरुम की ओर मुड़ गया। न संभल पाने से शोरुम के लिए लगे जनरेटर को रौंदते हुए दीवार से टकराकर रुक गया। शोरूम की दीवार में ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि टक्कर के बाद काफी हद तक ट्रक और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद जुटे लोगों ने शोरूम संचालक सहित पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया गया। शनिवार की सुबह शोरुम संचालक ने कोतवाली में तहरीर देकर साढ़े तीन लाख रुपये की क्षति का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही।
इनसेट-
ओवरब्रिज निर्माण से दुर्घटनाओं में आई बाढ़
गोपीगंज। नगर क्षेत्र में राजमार्ग पर सिक्सलेन के तहत निर्माणाधीन ओवरब्रिज दिन हो या रात दुर्घटनाओं को बढ़ाने में भूमिका निभा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों ओर डायवर्ट हो चुकी लेन काफी सकरी होने और लगने वाले जाम पर किसी तरह का नियंत्रण न होना घटनाओं को बढ़ावा दे रही हैं। नगरवासियों ने प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन से यातायात संकेतक के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था कराकर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।