लालानगर/गोपीगंज (भदोही)।
गोपीगंज नगर के चुड़िहारी मोहाल में बृहस्पतिवार को बीमारी से तंग युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिस पर बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि जयप्रकाश कौशल (26) पुत्र राजेंद्र कौशल बृहस्पतिवार को दिन का खाना खाकर अपने घर के दूसरे तल पर स्थित कमरे में आराम करने गया। इसी बीच उसने कमरे में लगे पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर तक युवक के नीचे नहीं आने पर परिवार के लोग जब कमरे में पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। वह फांसी पर लटका हुआ था। परिवारीजन युवक को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंभीर बीमारी से पीड़ित युवक का पिछले काफी दिनों से उपचार चल रहा था। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिस पर युवक ने लिखा था कि बीमारी के चलते आत्महत्या कर रहा हूं। जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। टीम के सदस्य जयप्रकाश यादव और श्रवण कुशवाहा ने मृतक के गले और उसमें लगे रस्सी के फंदे की फोटोग्राफी की। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। जानकारी मिलने के बाद ज्ञानपुर सीओ रामकरण और गोपीगंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर, युवक की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।