औराई। कोतवाली से चंद कदम दूर सोमवार की रात खड़े ट्रक का टायर खोल रहे चोर शोरगुल सुनकर भाग गए, लेकिन वे अपना मिनी ट्रक नहीं ले जा सके। पुलिस उसे कब्जे में ले लिया है। औराई कोतवाली के काशीराज इंटर कॉलेज के सामने विमल कुमार श्रीवास्तव का मकान है। मकान के ठीक सामने उनकी ट्रक खड़ी थी, ट्रक चालक बगल के मकान में सोया था। रात करीब ढाई बजे वहीं पास में ही मध्यप्रदेश के सीधी के ट्रक चालक श्री प्रकाश की नींद खुली तो चार लोग ट्रक का टायर खोलकर बगल खड़ी टाटा 407 ट्रक में लाद रहे थे। वह शोरगुल मचाते हुए चोरों के पास पहुंचा और हाथापाई शुरू हो गई। जब तक आसपास के लोग पहुंचते चारो वहां से भाग गए। ट्रक चालक के साहस की लोगों ने सराहना की। माह भर पूर्व उसी ट्रक से तीन टायर चोर खोल ले गए थे। मिनी ट्रक के नंबर से पुलिस गिरोह की तलाश में जुट गई है।