ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के अजयपुर गांव में मिट्टी की खुदाई कर रहे एक पोकलैंड को शुक्रवार की शाम को पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने पकड़ लिया। इसको लेकर घंटों तक गहमागहमी का माहौल रहा, हालांकि खनन विभाग प्रकरण से पल्ला झाड़ता दिखा। उसका कहना था कि यहां कोई मामला नहीं बनता, जिसको लेकर राजस्व विभाग भी असहाय हो गया।
अजयपुर गांव में एक सप्ताह पूर्व अवैध खनन में पुलिस और प्रशासन की टीम ने कुछ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार को किसी ने डीएम से इसकी शिकायत की। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार भदोही रामजी मौके पर पहुंचे। आरोप था कि भूमिधरी जमीन में पांच फीट से अधिक गहराई से मिट्टी खोदी जा रही थी। ज्ञानपुर कोतवाली प्रभारी चित्रकूट पुरी ने झारखंड के दो युवकों को हिरासत में लेकर पोकलैंड कोतवाली में खड़ा करवा दी। खबर मिलने के बाद खनन निरीक्षक अरविंद यादव मौके पर पहुंचे। तहसीलदार भदोही रामजी ने कहा कि सरकारी जमीन में खनन नहीं हो रहा था। खनन विभाग का कोई मामला बनता है तो वह कार्रवाई करेगा। खनन निरीक्षक अरविंद यादव ने कहा कि मिट्टी खनन में तय मानक के हिसाब से खुदाई की गई है, जिससे कोई कार्रवाई नहीं बनती।