औराई। थाने से लगभग सौ मीटर दूर औराई-मिर्जापुर मार्ग किनारे दुकान में सोमवार की रात संदीप मिश्रा (26) पुत्र राजबहादुर मिश्रा निवासी औराई ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक ने रात में पड़ोसी गांव की एक लड़की से वीडियो कॉल कर बातचीत की थी।
औराई निवासी राजबहादुर मिश्रा तांबूल संबंधी सामानों का व्यवसाय करते हैं। उनकी दूसरी दुकान मिर्जापुर रोड पर है, जिस पर पुत्र संदीप बैठता था। रात लगभग 10.30 बजे संदीप दुकान बंद कर अंदर हो गया। उसी दौरान किसी समय उसने गार्डर में फंदा डालकर मौत को गले लगा लिया। सुबह परिजन जब दरवाजा खोलवाने लगे तो दरवाजा नहीं खुला। किसी अनहोनी को लेकर पुलिस को सूचना दी गई। इस मौके पर पहुंची पुलिस छत के सहारे दुकान में घुसकर कुंडी खोला तो जुटी भीड़ और परिजन अंदर का नजारा देखकर सहम गए और रोने लगे। मृतक चार वर्षीय अंशु नामक पुत्र का पिता भी बताया गया है। मां बीना देवी, पत्नी नीलम का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। मृतक के पास मिली मोबाइल से पुलिस को पता चला है कि रात में संदीप ने पड़ोसी गांव की एक लड़की से वीडियो कॉलिंग कर कुछ बातें भी की थी। घटना के समय वह मोबाइल का कैमरा ऑन कर रखा था, जिससे सारा माजरा रिकार्ड होता रहा। जबकि युवती को घटना का आभास रात में ही हो गया था। उसने थाने पहुंच कर सूचना भी दी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवती को छोड़ते हुए मोबाइल को कब्जे में ले लिया है।