चौरी। थानाक्षेत्र के विभिन्न गांव में जंगली सुअर के हमले से ग्रामीण सहम गए हैं। एक सप्ताह पहले कोईरौना कोतवाली के बनकट गांव में जंगली जानवर के हमले से सात लोग घायल होने का मामला अभी थमा नहीं था कि बृहस्पतिवार की रात चौरी के दुरासी गांव में जंगली सुअर के हमले से एक गोवंश की मौत हो गई है।
पशुपालक जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व 60 हजार रुपये की कीमत की गोवंश खरीद कर लाए थे। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार की रात भी वह घर के पास ही खूंटे में गोवंश को बांधे थे। रात में किसी जंगली जानवर ने गाय के मुंह को पूरी तरह से नोच लिया। तड़के जब गाय के पास पहुंचा तो वह मृत पड़ी थी। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिनों से जंगली सुअरों का आतंक बढ़ा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई।