कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के गांव महमदपुर में पहुंची स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : BHADOHI
जंगीगंज। डीघ ब्लॉक के सेमराध (महमदपुर) में कोरोना पॉजिटिव युवक मिलने पर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। रविवार को पूरी बस्ती को सील कर सैनिटाइज किया गया। बस्ती के सभी लोगों की जांच की गई। डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी रामबदन सिंह और सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह गांव में पहुंचकर जायजा लिया।
कोरोना वायरस महामारी रोकने के लिए डेढ़ माह से जिला लॉकडाउन है। शुरूआती दौर में जिले की स्थिति सामान्य रही लेकिन तीन दिनों के अंदर दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी। रविवार को जिलाधिकारी ,पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्साधिकारी ने महमदपुर गांव का जायजा लिया। उसके बाद बस्ती को सील कराकर सैनिटाइज कराया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बस्ती के सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सीएमओ ने बस्ती के लोगों से घरों में रहने के लिए कहा। चेहरे पर मास्क लगाने, हर घंटे हाथ की सफाई करने के लिए कहा। इस मौके पर चिकित्साधिकारी डीघ डॉ. गुलाब यादव, डॉ. जियाउल हक, सत्य प्रकाश, ऋतुराज पांडेय और ग्राम प्रधान रामबली सिंह आदि रहे।
कलूटपुर में सन्नाटा, सात लोगों का सैंपल भेजा
औराई। कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर (कलूटपुर) में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा लगातार डेरा डाले हुए हैं। रविवार को खांसी और बुखार से पीड़ित सात लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी को हिदायत दिया कि वह घर से बाहर न निकलें। सभी लोग आपका बिस्तर, थाली, लोटा, गिलास अलग से रखेंगे। गोपीगंज के बरजी निवासी एक युवक का सैंपल जांच के लिए भेजा गया।