जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग के लिए लाइन में प्रवासी महिलाएं।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या जिले में जिस तेजी से बढ़ रही है। इसको लेकर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मात्र सात दिनों में संक्रमित मरीजों की संख्या चार गुना बढ़ गई। 19 मई को जिले में सिर्फ आठ मरीज थे, जबकि मंगलवार को यह संख्या 30 पहुंच गई। प्रवासियों के आने से कोरोना मीटर काफी तेजी से बढ़ा। सोशल डिस्टेसिंग को लेकर बरती जा रही लापरवाही समस्या और भी बढ़ाएगी।
वैश्विक महामारी कोविड-19 को लेकर सरकार ने 24 मार्च से ही लॉकडाउन कर दिया है। जिसके कारण मार्च-अप्रैल में स्थिति भी सामान्य रही। जिले में पहला संक्रमण 11 अप्रैल को नेशनल इंटर कॉलेज में मिला। दिल्ली से लौटे एक बिहारी प्रवासी में संक्रमण मिला। उसके बाद पूरे माह स्थिति सामान्य रही, हालांकि मई में जब प्रवासियों के आने का सिलसिला शुुरू हुआ तो कोरोना के इक्का-दुक्का मरीज आने लगे। तब तक जिला प्रशासन राहत में ही थी लेकिन मई के दूसरे पखवारे में कोरोना का मीटर तेजी से बढ़ा। 19 मई को जिले में कोरोना मरीजों की संख्या आठ थी, जिसमें तीन स्वस्थ भी हो चुके थे। 21 मई को दो संक्रमित, 22 को तीन, 24 को नौ, 25 को चार और 26 को तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। ज्ञानपुर के रमईपुर में चार, औराई के मटकीपुर में तीन, नगुआं में तीन और चौरी के अमवां भवानीपुर में तीन संक्रमित मिले। अब तक दो कोरोना पॉजिटिव की मौत भी हो चुकी है जबकि दो संदिग्धों की रिपोर्ट आनी बाकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमित मरीजों को मंडलीय अस्पताल भेजा जा रहा है। जिले में आइसोलेशन की समुचित व्यवस्था है। प्रवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेड को बढ़ाया जा रहा है।