ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। दिनप्रतिदिन नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को कोरोना गाइड लाइन के पालन करने के साथ ही रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की सलाह दी है।
इस संबंध में महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि कारोना संक्रमण की रफ्तार जिले में कभी बढ़ जा रहे तो कभी घट जा रहें हैं। इसका कारण लोगों की लापरवाही है। कोरोना गाइड लाइन की अनदेखी कर रहे है। कहा कि जिससे कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में घबराएं नहीं बल्कि धैर्य से काम लें और अपनी सेहत का ख्याल रखें । स्वच्छता अपनाएं और पौष्टिक आहार लें। भोजन के बाद फल खाने की आदत डालें। बासी भोजन बिल्कुल न खाएं। प्रोटीन युक्त भोजन का ही सेवन करें। इसके अलावा बताया कि सलाद का प्रयोग अधिक से अधिक करना चाहिए।
भीड़भाड़ वाले जगहों पर जाने से बचें। सुबह उठकर योग अवश्य करें। योग हमारी आंतरिक ताकत को बढ़ाने के साथ हमारी इम्युनिटी बढ़ाने का कार्य करता है। डॉ. अतुल ने कहा कि मौसमी ताजे फल खाएं बादाम, काजू, किसमिस, अखरोट का सेवन भी इम्युनिटी बढ़ाने में कारगर है। कहा कि सुबह शाम काढ़ा का सेवन अवश्य करें। इससे आपका पॉजिटिव ऊर्जा मिलेगी । कोरोना गाइड लाइन का पालन और शरीर के रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से कोरोना संक्रमण को मात दिया जा सकता है।