जंगीगंज बाजार में बंद पड़ी दुकानें। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले में 59 घंटे के कोरोना कर्फ्यू का रविवार को दूसरे दिन भी असर दिखा। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों के बाजार की सड़कें सुनसान दिखी जबकि बाजारों में सन्नाटा रहा। मेडिकल से जुड़ी दुकानों को छोड़कर अन्य के शटर दिन भर गिरे रहे। वीकेंड लॉकडाउन का दूसरे दिन भी लोगों ने पालन किया।
कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर घातक साबित हो रही है। प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से प्रस्तावित दो दिनी वीकेंड लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को पूरे जनपद में नगर और बाजारों में दुकानें बंद रहीं। एक ओर संक्रमण का भय तो दूसरी ओर प्रशासन की सख्ती का असर रहा कि ऐतिहासिक बंदी का नजारा दिखा। छोटी-बड़ी सभी दुकानें बंद होने व लोगों के घरों से निकलने को लेकर किए गए परहेज से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के छोटे बाजार भी सुनसान रहे। इस दौरान जरूरी दवा, सब्जी व दूध आदि की दुकानों को बंदी से छूट थी।
कोरोना महामारी को मात देने के लिए सतर्कता के तौर पर पूरे जनपद की शनिवार व रविवार को बंदी की घोषणा की गई। इसके लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की ओर से आदेश जारी कर व्यापारियों को आगाह कर दिया गया था कि उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। रविवार को लॉकडाउन का असर पूरी तरह प्रभावी दिखा। ज्ञानपुर, गोपीगंज नगर, भदोही, घोसियां, सुरियावां, खमरिया नगर सहित अन्य बाजार में हर जगह सभी दुकानें बंद रहीं यहां तक की चाय-पान की भी दुकानों को खोलने से लोगों ने परहेज किया।