ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू कोरोना कर्फ्यू में जरूरी गाइडलाइन बृहस्पतिवार को बाजारों में तार-तार होती दिखी। ईद के एक दिन पूर्व खरीदारी के लिए बाजारों में बड़ी संख्या में खरीदार उमड़े। इससे दुकानों पर ग्राहकों की लंबी-लंबी कतार दिखी। इस दौरान अधिकतर स्थानों पर न तो कोविड नियमों का पालन हुआ और न ही लोग कोरोना संक्रमण के प्रति सतर्क दिखे। कोरोना वायरस की दूसरी लहर को बेदम करने के लिए शासन की ओर से 17 मई तक लॉकडाउन प्रभावी किया गया है। शुरूआती दौर में बाजारों में सन्नाटा दिखा लेकिन जैसे-जैसे अवधि बढ़ती गई बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी। मुस्लिमों के प्रमुख पर्व ईद और अक्षय तृतीया के मद्देनजर बृहस्पतिवार को बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की भीड़ अधिक रही। गोपीगंज, ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां समेत अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचे। दुकानों पर सामाजिक दूरी जहां तार-तार होती दिखी वहीं मास्क लगाकर ही कम लोग दिखे। प्रशासन की ओर से तीन घंटे की मिली छूट का व्यापारियों ने जमकर फायदा उठाया। गोपीगंज नगर में तय समय से दो घंटे पहले ही दुकानें खोलकर व्यापारी सामान बेचते देखे गए। बाजारों में यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकट हो सकती है।