ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से अब राहत मिलती दिख रही है। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10 के नीचे खिसक गई है। ऐसे में अब चिकित्सकों ने तीसरी लहर में बच्चों विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इस संबंध में महाराज चेतसिंह जिला अस्पताल के शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. वीएस दुबे ने कहा कि कोरोना संक्रमण के तीसरी लहर बच्चों के लिए खतरनाक बताया गया है। माता-पिता बच्चों को घर में ही रखें बेवजह कही बाहर न भेजें। डॉ. वीएस दुबे ने कहा कि कोरोना संक्रमण में सांस लेने में दिक्कत के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं, इसलिए बच्चों को इस बार वायरस से बचाना पहले से भी ज्यादा जरूरी हो गया है। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए बच्चों को प्रोटीन की वस्तुएं जैसे नींबू, संतरा आदि फल दें। डॉक्टर वीएस दुबे का कहना है कि कोरोना से बचने के लिए सिर्फ मॉस्क लगाना ही काफी नहीं है बल्कि बच्चों को पर्सनल हाइजीन से जुड़ी बातें और नियम भी सिखाएं। बच्चों को आंखें, नाक और चेहरे पर हाथ लगाने से मना करें। बार-बार थोड़ी-थोड़ी देर में हाथों को धोने और सैनिटाइज करने के लिए कहें। खांसते और छींकते समय चेहरे और मुंह को ढंक कर रखें। कहा कि इंफेक्शन से बच्चों को भी बचाने के लिए घर साफ रखें। दरवाजे के हैंडल, टैबलेट, कुर्सी, हैंडरेल को साफ करते रहें। जूते-चप्पल घर से बाहर उतारें। कूड़ेदान को ढक कर रखें। बाहर से फल-सब्जियां लाने पर अच्छी तरह से धोएं। बाहर से कोई भी सामान आता है, तो उसे बच्चे को छूने न दें।