जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में संदिग्ध का स्वैब लेते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी समेत 21 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में संक्रमितों की संख्या 1473 पहुंच गई, हालांकि एक्टिव केस 190 है। कर्मचारी के संक्रमित होने से ज्ञानपुर तहसील में दिन भर ताला लटका रहा। कोरोना महामारी का ग्राफ शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक फैल चुका है। रोक को लेकर उठाए जा रहे कदम नाकाफी साबित हो रहे। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की आई रिपोर्ट में 21 संक्रमित मिले। इसमें सीएमओ कार्यालय में कुष्ठ विभाग के चिकित्सक, सीएचसी डीघ का स्वास्थ्य कर्मी, भदोही के काजीपुर युवक, रविदासनगर में अधेड़, कालिकानगर में युवक, पूरेनगरी में दंपति, कारो बनकट में महिला, सुरियावां के वार्ड सात में युवक, सेमरा में वृद्ध, पुरूषोत्तमपुर में युवक, ऊंज गांव में दंपति, मूंसी पितईपुर में दो महिलाएं, बरवापुर में युवक, टेमा गांव में अधेड़ समेत दो, सरोई गांव में युवती और पकरी खुर्द में युवक शामिल है। तेजी से बढ़ते संक्रमितों से संख्या डेढ़ हजार के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ो पर गौर करें तो अब तक 36 हजार से अधिक संदिग्धों का सैंपल लिया गया। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेट किया जा रहा है। सोमवार को तहसील में एक कर्मचारी के संक्रमित मिलने पर तहसील को सील कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज में संदिग्धों की जांच हुई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय की देखरेख में स्वैब सैंपल लिया गया।