मूल्यांकन केंद्र विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को पहले दिन डीएचई और परीक्षकों को मूल्यांकन की बारीकियां समझायी गई। कहा गया कि एक-एक उत्तरपुस्तिकाओं की गहनता से जांच करने के बाद उस पर नंबर अंकित करें। उत्तीर्ण मार्क से एकाध नंबर कम होने, 90 फीसदी से अधिक अंक होने पर दुबारा कापियों को देखने की नसीहत दी गई। इस बार हर रोज परीक्षकों और डीएचई को मूल्यांकन की रिपोर्ट उप नियंत्रक को देनी होगी।
वीएनजीआईसी सभागार में बृहस्पतिवार को मुख्य नियंत्रक संतोष कुमार मिश्र ने परीक्षकों और डीएचई को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ईमानदारी से कापियों का मूल्यांकन किया जाए। पूर्व में जो खामियां मूल्यांकन के दौरान आ चुकी हैं इस बार न आएं। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में यह सामने आया कि परीक्षक हड़बड़ी में गड़बड़ी कर देते हैं और बिना जांचे ही नंबर देते हैं ऐसी स्थिति न आए। बताते चलें कि यूपी बोर्ड की दो लाख 85 हजार कापियां मूल्यांकन के लिए आई हैं। शुक्रवार से मूल्यांकन का कार्य शुरू हो जाएगा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कापियों को जांचने के लिए 819 परीक्षक लगाए गए हैं। इसी तरह हाईस्कूल में 45 और इंटरमीडिएट में 51 डीएचई भी मूल्यांकन कार्य पर निगरानी रखने के लिए तैनात किया गया है। मूल्यांकन के लिए जो कापियां आई है उसमें हाईस्कूल की करीब एक लाख 21 हजार 758 और इंटरमीडिएट की एक लाख 64 हजार 410 कापियां हैं।
धर्मेन्द्र पाल