बड़राव ब्लाक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करतीं आशा और संगिनी।
वलीदपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर काली पट्टी बांधकर अपने नियमित कार्यों का निर्वहन करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
कर्मचारियों का कहना था कि सीमित मानदेय, सेवा संबंधी असुरक्षा एवं विभिन्न कठिन परिस्थितियों के बावजूद संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर सर्वेश सिंह, रंजू मौर्य, नीतू शर्मा, अविनाश सिंह, प्रिय, बुद्ध, शिवम पांडेय, रितेश कुमार राय आदि शामिल थे। संवाद
जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
रतनपुरा। जिला पंचायत की ओर से जारी आरसी को लेकर रतनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है। समस्या के समाधान के लिए व्यापारी नेताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि कोरोना काल के दौरान लंबे समय तक दुकानें बंद रहने के कारण व्यापारियों के सामने जीविका का संकट उत्पन्न हो गया था। कई व्यापारी अभी तक उस आर्थिक संकट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। किसी के परिवार में बेटियों की शादी, तो किसी के बच्चों की पढ़ाई और इलाज की जिम्मेदारी है। ऐसे में आरसी की कार्रवाई से व्यापारी मानसिक दबाव और आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि एक साथ हजारों रुपये की आरसी जारी किए जाने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। संवाद