लालानगर। गोपीगंज के गोपपुर में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के दक्षिणी लेन पर बुधवार को सड़क पर कूड़ा उठा रहे बच्चो को बचाने के चक्कर में कंटेनर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक विक्की (32) निवासी बढ़ेगांव शामली की मौत हो गई। वहीं कंटेनर चालक नीरज (26) निवासी बरुआ लौगाव फतेहपुर, ट्रक का खलासी नवीन (29) निवासी बढ़ेगांव शामली घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। ट्रक शामली से आम लादकर बिहार जा रहा था। इस समय वाराणसी प्रयागराज हाईवे का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इससे दक्षिणी लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। गोपपुर के पास सड़क पर कूड़ा उठा रहे बच्चों को बचाने के दौरान ट्रक वाराणसी की ओर से आ रहे कंटेनर में टकरा गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। लगभग आधा घंटे तक आवागमन बंद रहा। दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाइवे से हटाकर सड़क खाली कराया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। गोपीगंज प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।