ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जिले की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बृहस्पतिवार की रात में भाजपा के एक विधायक के आवास पर सपा नेताओं की मंत्रणा ने सियासी गर्मी बढ़ा दी है। इस क्रम में जिले के एक भाजपा विधायक के आवास पर क्या खिचड़ी पकी, इसको लेकर चर्चाओं का बाजार काफी गर्म हो गया है।
दरअसल जिले की 26 जिला पंचायत सदस्य की सीटों में भाजपा को चार, बसपा को तीन, सपा को 10, निषाद पार्टी को एक और निर्दलीय को आठ सीटें मिली हैं। भाजपा बहुत के संख्या बल से जहां काफी दूर है तो वही बसपा भी बहुत के जादुई आंकड़े के आसपास भी नहीं दिख रही है। ऐसे में सपा को महज चार सीटों की जरूरत है जिसके मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पर सपा का एक बार फिर कब्जा हो जाएगा । सपा के खेमे की गतिविधि जहां तेज हो चुकी है तो वहीं सत्ताधारी भाजपा भी नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों से साठगांठ बढ़ाने में जुटी हुई है। इस क्रम में बृहस्पतिवार को सपा नेताओं का एक दल भाजपा के एक विधायक के घर पहुंचकर अध्यक्ष पद को लेकर मंत्रणा की, हालांकि उसमें क्या तय हुआ यह स्पष्ट नहीं हो सका। विधायक के घर सपा नेताओं के पहुंचने की खबर जिले में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई।