जिले के दूसरे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण मंगलवार को बहरैची में शुरू हो गया। 24.77 करोड़ की लागत से बनने वाले विद्यालय का भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, डीएम शैलेष कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से इंटर तक की एक ही परिसर में शिक्षा दी जाएगी।
जिले के तीनों तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनना है। औराई के गिर्दबड़गांव में पहले विद्यालय का निर्माण 50 फीसदी से अधिक हो चुका है। दूसरे विद्यालय की स्वीकृति कुछ माह पूर्व मिली थी।
मंगलवार को भूमिपूजन के साथ ही मॉडल विद्यालय के निर्माण का काम शुरू हो गया। सांसद ने कहा कि यह विद्यालय आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से युक्त होगा।
जिससे ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यालय में मुख्य भवन, मिड डे मील भवन, बाल वाटिका, बहुउद्देशीय हॉल, प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ रूम, गार्ड रूम, सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग आदि कार्य होंगे।
इस मौके पर पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, एसडीएम अरूण गिरी, बीएसए शिवम पांडेय माैजूद रहे।