ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सोमवार को जिला इकाई के नेतृत्व में शिक्षक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय दोपहर में पहुंचे। इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक की प्रतियां भी जलाई।
जिलाध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक 2021 लाकर शिक्षकों को बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश कर रही है। जिसको लेकर शिक्षक चुप नहीं बैठेंगे। कहा कि कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश संगठन मंत्री सुधीर कुमार सिंह और जिला मंत्री अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार के इस कानून से शिक्षक अपनी आवाज को उठा नहीं सकेंगे। इससे उनका शोषण बढ़ जाएगा। इस मौके पर वंशराज मौर्य, धीरेंद्र कुमार यादव, सूबेदार, रविंद्र, भूपेंद्र, सुभाष चंद्र पाल, सूर्यकांत मौर्य, सभाजीत, दिनेश मौर्य, यासीन बानो, अनिल कुमार, मनोज उपाध्याय, कन्हैया लाल, प्रमोद मिश्रा आदि थे।