जिलाध्यक्ष डा. नीलम मिश्रा के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे।
केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों सरकारों की नीतियों को जनता के खिलाफ बताया। वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व अच्छे दिन का वादा करने वाली भाजपा ने सबसे बुरे दिन को ला दिया है।
आम आदमी को ढंग से दो जून की रोटी भी नसीब नहीं हो पा रही है। प्रदेश में बढ़ रहे अपराध से हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है। 70 रुपये बिकने वाली दाल 200 के पार हो गई तो 70 रुपये किलो मिलने वाला सरसों का तेल 150 तक पहुंच गया है। सरकार ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर जनता को धोखा दिया।
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में बढ़ती महंगाई रोकने, प्रदेश में बढ़ रहे अपराध पर विराम लगाने, किसानों को मुआवजा दिलाने, रबी फसल के लिए बीज, रसायन की नि:शुल्क व्यवस्था, बंद नलकूपों को चालू कराने की मांग की गई। इस मौके पर सुरेश उपाध्याय, सिद्धार्थ मिश्रा, माबूद खान, गुलजारी लाल, लवकुश नारायण, बालमुकुंद कसेरा, अनुपम आनंद उपाध्याय, रामसागर आदि मौजूद रहे।