ज्ञानपुर। जमीन, झाड़फूंक समेत अन्य विवादों में बुधवार को जिले में कई जगहों पर जमकर लाठियां चटकीं। मारपीट की पांच घटनाओं में 46 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार कराने के बाद पुलिस तफ्तीश में जुट गई है। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के मिसिरपुर गांव में झाड़फूंक के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 32 लोग घायल हो गए। इस घटना की जांच ज्ञानपुर सीओ कर रहे हैं।
सर्रोई संवाददाता के मुताबिक असनाव पुलिस चौकी क्षेत्र के मिसिरपुर गांव में सुबह करीब 10 बजे झाड़-फूंक को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 32 लोग घायल हो गए। एक पक्ष से लालचंद (55), मनीष कुमार(26), शिव कुमार (48), मलखान (35), अनिल (25), सुरेश चंद (39 ), जगजीवन राम (32), बंगाली हरिजन (24), झबरू (26), कन्हैया (56), राजपति हरिजन (50), भीम हरिजन (50), गुलाबधर हरिजन (50) घायल हो गए। दूसरे पक्ष से महेंद्र कनौजिया (39), मंगरु कनौजिया (45), सुखराम (45), कमलेश कनौजिया (39), ओमप्रकाश कनोजिया (35), उमेश कुमार (36), धर्मेंद्र (32), सुरेश (35), बाल गोविंद (30), गोविंद (46), राजकुमार (40), डिंपल मिश्रा (25), करिया (26) घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया। पुलिस चौकी इंचार्ज रविशंकर राय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। प्रकरण की जांच सीओ ज्ञानपुर कालू सिंह कर रहे हैं।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चंद्रपुरा (जगन्नाथपुर) में बुधवार को जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। कमलाशंकर और सूर्यमणि के परिवार के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। कमलाशंकर का दावा है कि उस जमीन पर उनके पुरखे वर्षों से रहते चले आए हैं। बुधवार को उसी जमीन पर जुताई कर रहे थे। उसी समय दूसरे पक्ष के लोग आए और जोताई से रोकने लगे। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं। इसमें एक पक्ष से राजेश कुमार (40), नीरज कुमार (28), कमला शंकर (65), जयशंकर (50), कृपा शंकर (45), धीरेंद्र कुमार यादव (35) और दूसरे पक्ष से विवेक कुमार (20), सूर्यमणि यादव (61) घायल हो गए। दोनों पक्षों ने गोपीगंज थाने में तहरीर दी है।
सरई मिश्रानी गांव में आपसी विवाद मेें हुई मारपीट में अंतिम कुमार बिंद (20) घायल हो गए। खत्रीपुर गांव में बच्चों के विवाद में हुई मारपीट में संतोष माली (50) घायल हो गए। बिरनई गांव में भूमिधरी जमीन को लेकर हुई मारपीट में सुनील कुमार (24), लता देवी (27) पत्नी अनिल कुमार, लाल बहादुर (50) घायल हो गए। घायलों का उपचार गोपीगंज सीएचसी में किया गया।