अभोली ब्लॉक के गंगारामपुर में रविवार को भाजपा की तरफ से मेरा माटी, मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें देश की आजादी में अपना योगदान देने वाले शहीदों को नमन किया गया। बिंद बस्ती की खराब सड़क होने पर मुख्य अतिथि सांसद रमेश चंद्र बिंद ने 75 लाख रुपये इसे बनवाने के लिए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि हमारा समाज अपना खाता है अपना कमाता है। अगर हमारे समाज हमारे कार्यकर्ताओं की मान सम्मान को ठेस पहुंची तो ईंट का जवाब पत्थर से दूंगा। उन्होंने कहा कि कोई मेरे पास घरेलू विवाद लेकर न आए। भाई-भाई के विवाद का निपटारा नहीं करेंगे। सरकारी योजना का लाभ सहित अन्य कार्यों के लिए उनका दरवाजा 24 घंटे खुला रहेगा। महिलाओं से कहा कि जिनके पास पेंशन, आवास और शौचालय न हो वह प्रस्ताव बनवाकर भेजें। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजेश गौतम, अच्छेलाल, विजय बिंद, सुनील मिश्रा, देवेंद्र सिंह, अखिलेश प्रकाश पाल आदि रहे।
मोढ़ के सराय छत्रशाह में जवाबी कजरी का आयोजन हुआ। इसमें कलाकार रमेश भंवरा और लक्ष्मी ने एक से बढ़कर एक गीत सुनाएं। इसके पूर्व कजरी का शुभारंभ सांसद ने किया। उन्होंने कहा कि कजरी भी एक कला है। मनोरंजन के साथ-साथ भाईचारा काे बढ़ावा देती है। इसके आयोजक तूफानी बिंद, लालजी बिंद, चंद्रेश यादव आदि रहे।