जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें अधूरी परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर देते हुए प्रभावी ढंग से काम करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी अपने अधीनस्थों के भरोसे काम न छोड़ें। निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारी विभाग के विकास कार्यों को हर हाल में निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराएं। कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के छुट्टी और मुख्यालय से बाहर न जाए। डीएम ने कहा कि रैंकिंग में जिन विभागों की श्रेणी डी प्राप्त हुई है वे अपनी प्रभावी कार्ययोजना बनाकर स्वयं नियमित समीक्षा करें और आगामी माह में ए-श्रेणी प्राप्त करें। उसके बाद पंचायती राज विभाग के राज्य/14वां वित्त आयोग, कायाकल्प योजना में हो रहे कार्यों, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, समाज कल्याण के छात्रवृत्ति वितरण, पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ,गोवंश, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, धान खरीद,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आदि की समीक्षा की। नई सड़क का निर्माण, सेतुओं का निर्माण, सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने, रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति के लिए निर्देश दिया। सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय समय से पहुंचे और जन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराएं। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, बीएसए अमित कुमार सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।