डीएसओ कार्यालय में निरीक्षण करते जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु।
जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने बुधवार को पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक डीएम के पहुंचने से कार्यालय में खलबली मच गई। इधर-उधर टहल रहे कर्मचारी कार्यालय पहुंच गए। डीएम ने करीब एक घंटे तक खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्डों की फीडिंग के अलावा अन्य अभिलेखों की जांच की। संशोधन में लगाए गए 13 कंप्यूटर आपरेटरों में पांच के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई।
जनपद के सभी ब्लॉकों में अनाज वितरण को लेकर उठ रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए बुधवार को दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर डीएम प्रकाश बिंदु दलबल के साथ जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कंप्यूटर कक्ष में आपरेटरों से कामकाज के बारे में जानकारी ली। कार्यालय में डुप्लीकेट नामों के संशोधन में लगे 13 कंप्यूटर आपरेटरों में पांच अनुपस्थित मिले। डीएम ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय को निर्देश दिया कि संशोधन में लगाए गए कंप्यूटर आपरेटरों से दो पालियों में काम लेकर अविलंब कार्य पूर्ण कराएं। डीएम ने कहा कि प्रत्येक दशा में पात्रों को ही फिडिंग कराकर सूची में रखा जाए, अपात्रों को किसी भी कीमत पर न रखा जाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत आने वाले पात्र लाभार्थियों को प्रत्येक दशा में अनाज वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्यालय के अन्य अभिलेखों पत्रावलियों और जी0पी0एफ0/सर्विस बुक का अवलोकन किया। करीब एक घंटे बाद डीएम निरीक्षण करने के बाद कलेक्ट्रेट रवाना हुए तब पूर्ति कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।