ज्ञानपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के 37 राजकीय हाईस्कूलों को 16.75 लाख का कंपोजिट ग्रांट जारी किया गया है। छात्र संख्या के आधार पर इन विद्यालयों को यह धनराशि आवंटित की गई है। इससे प्रधानाचार्य विद्यालयों की रंगाई-पोताई और मरम्मत कार्य करा सकेंगे। जिले में 37 राजकीय इंटर कॉलेज और हाईस्कूल संचालित हैं। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज पीएम श्री विद्यालय में चयनित है। इससे उक्त विद्यालय को कंपोजिट ग्रांट नहीं मिला है। इसके अलावा चार राजकीय इंटर कॉलेज और 33 राजकीय हाईस्कूल को छात्र संख्या के आधार पर कंपोजिट ग्रांट दिया गया है। विद्यालय में छात्र संख्या के हिसाब से यह रकम आवंटित की गई। इससे स्कूलों में आवश्यक वस्तुओं की खरीद जैसे कि बेंच, डेस्क, ब्लैकबोर्ड, चॉक, डस्टर, स्टेशनरी, मरम्मत और रखरखाव में जैसे कि भवन, शौचालय, और अन्य सुविधाओं की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा पानी और बिजली का खर्च, खेलकूद और विज्ञान सामग्री भी ली जाएगी। यह रकम 50 छात्र संख्या पर 10 हजार, 101 से 500 छात्रों वाले स्कूलों को 75 हजार और 500 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालय को एक लाख तक की ग्रांट दी गई है। जिला समन्वयक समग्र शिक्षा प्रदीप पांडेय ने बताया कि राजकीय स्कूलों में कंपोजिट ग्रांट जारी की गई है। इससे प्रधानाचार्य विद्यालय में छोटे कार्य करा सकेंगे।