औराई तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस कर्मी को निर्देश देती डीएम आर्यका अखौरी।संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। स्थान: औराई तहसील, समय: सुबह 11 बजे: संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की लंबी कतार। एक-एक कर फरियादियों ने डीएम आर्यका अखौरी के समक्ष अपनी बातें रखीं। जिस विभाग का मामला होता संबंधित अधिकारी जी सर, हां सर...हो जाएगा कहकर बैठ जाते। मात्र तीन फरियादियों को न्याय मिल सका। 71 में 68 फरियादी न्याय की उम्मीद लिए तहसील से बाहर निकल गए। औराई तहसील में सुबह 10 बजे संपूर्ण समाधान दिवस शुरू हुआ, हालांकि सरकारी कार्यक्रमों की वजह से डीएम आर्यका अखौरी विलंब से पहुंचीं। शिकायतें आनी शुरू हुईं। एक बार फिर राजस्व संबंधित ही मामले सबसे अधिक आए। हां इतना जरूर था कि आने वाले हर फरियादी के सामने उस विभाग के अधिकारी को जिलाधिकारी की ओर से खड़ा किया गया। वही पुराने घीसे-पीटे शब्द जी सर, हां सर हो जाएगा का आश्वासन मिला। राजस्व विभाग की इन कमियों को देखकर डीएम ने दयालापुर में बाहा की जमीन पर हुए अतिक्रमण को लेकर हल्का लेखपाल ममता को कड़ी फटकार लगाई और सही रिपोर्ट लगाने की नसीहत दी। अधिवक्ता चेंबर के पास खराब हैंडपंप को दुरुस्त करने के लिए बीडीओ को निर्देश दिया। कठारी की प्रधान नसरीन ने प्राथमिक विद्यालय के ऊपर 11 हजार और 440 बोल्ट के तार को हटाने की मांग की। आश्वासन मिला कि जल्द हट जाएगा। लसमणा निवासी लवकुश चौबे पंचायत भवन के निर्माण में धांधली की शिकायत की। कहा कि गांव में पंचायत भवन होने के बाद भी भ्रष्टाचार के लिए दूसरा स्वीकृत किया गया। यहां कुल 71 मामले आए, जिसमें तीन निस्तारित हुए। इस मौके पर एसपी डॉ. अनिल कुमार, सीडीओ भानु प्रताप सिंह, तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीओ नवीन गुप्ता, सीडीपीओ रीता अवस्थी सहित अन्य अधिकारी रहे। ज्ञानपुर तहसील में एसडीएम योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कुल 51 प्रार्थना पत्रों में चार जबकि भदोही तहसील में 51 में सात का निस्तारण हो सका। भदोही में एसडीएम चंद्रशेखर की देखरेख में फरियाद सुनी गई।