पुरानी कलेक्ट्रेट के शौचालय का निरीक्षण करती स्वच्छ मिशन की टीम। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। स्वच्छ भारत मिशन की लखनऊ टीम ने शुक्रवार को नगरीय शौचालयों का निरीक्षण किया। साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था देखी और पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित जर्जर शौचालय को तोड़कर नया बनाने का निर्देश दिया। टीम ने कहा कि सभी नगरीय क्षेत्रों में शौचालय की मुकम्मल व्यवस्था की जाए। स्वच्छ भारत मिशन से नामित अधिकारी डॉ. आशीष गोस्वामी ने बताया कि महिलाओं की सहूलियत के लिए सभी नगरों में पिंक शौचालय बनाए जाएंगे। उन शौचालय में सिर्फ महिलाएं ही जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मिशन शासन की प्राथमिकता में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान पुरानी कलेक्ट्रेट के बदहाल सामुदायिक शौचालय को ध्वस्त कर नया बनाने को कहा। शौचालय में गंदगी देख नाराजगी भी जताई। इसके पूर्व गेस्ट हाउस में सभी ईओ संग बैठक कर नगरों की साफ-सफाई बेहतर करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जहां-जहां पिंक शौचालय बने हैं उनकी उसकी स्थिति जांची परखी गई। उन्होंने गोपीगंज में बोर्ड न लगा होने पर उसे तत्काल लगवाने के लिए भी कहा।