गोपीगंज। नगर के वार्ड नंबर तीन शिव नगर कॉलोनी में पांच दिनों से बिजली संकट झेल रहे लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी की। चेताया कि अगर बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल नहीं कराया गया तो वे मुख्यालय पर प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
गोपीगंज नगर के वार्ड संख्या तीन शिव नगर कालोनी में बीते पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। जिससे यहां के रहवासी परेशान हो गए हैं। लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की तरफ से पूरे नगर में इंसुलेटेड वायर दौड़ाने का कार्य चल रहा है। इसी के तहत शिवनगर कालोनी में पूर्व से लगे पोल के एक मकान के बारजे की बीच आने के बाद विभागीय लोग नया पोल मार्ग के दूसरे तरफ लगा कर तार दौड़ा रहे थे। इस बीच नए पोल के लगने के बाद स्थान को लेकर विवाद शुरु हो गया। जिससे काम अवरूद्ध हो गया।
पांच दिनों से अवरूद्ध चल रहे काम के कारण पूरे कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बाधित है। जिससे कॉलोनी में रहने वाले करीब 32 परिवार के 250 से अधिक लोगों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। लोगों ने बताया कि बिजली न आने के कारण इनवर्टर जवाब दे गए हैं। वहीं पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। चेताया कि अगर जल्द से जल्द इसका समाधान निकाला जाए, नहीं तो वे लोग जिलाधिकारी से इसकी शिकायत करने को बाध्य होंगे। इस दौरान रितेश, शिवम, नन्हें लाल, नीरज मोदनवाल, उज्ज्वल, संदीप, प्रद्युम्न, राजेंद्र सहित अन्य कॉलोनी वासी रहे।