गोपीगंज। प्रयागराज से वाराणसी जा रही एक निजी बस की डिक्की से 25 हजार रुपये का रेडीमेड कपड़ा गायब होने का मामला कोतवाली पहुंच गया। खबर मिलते ही पुलिस ने बस को टोलप्लाजा से कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी। यात्री और कंडक्टर के बीच कपड़ा गायब होने की बात को लेकर काफी देर तक किचकिच होती रही। कोइलरा गांव निवासी संजीव कुमार सरोज शनिवार को पत्नी के साथ किसी काम से प्रयागराज गया। वहां से लौटते समय वह लगभग पच्चीस हजार रुपए का रेडीमेड कपड़े की खरीददारी कर अंदावा से निजी बस में सवार हुआ और झोले के साथ बोरे में पैक कपड़े को लेकर कंडक्टर ने बगल वाली डिक्की में रख लिया। बस जैसे ही लालानगर टोलप्लाजा के पास पहुंची वैसे ही संजीव ने कपड़े को निकालने की बात कंडक्टर से कहीं और वह कपड़े को निकालने के लिए डिक्की खोला तो कपड़े गायब मिले। विवाद को बढ़ते देख ने संजीव ने सूचना 112 नंबर पुलिस को दी। 112 की सूचना पर पहुंचे कोतवाल केके राय ने बस को कब्जे में लेते हुए कोतवाली में खड़ी करा दिया।