ज्ञानपुर/वहिदानगर। धनतेरस से दीपावली अर्धरात्रि तक अबाधित विद्युतापूर्ति का दावा उस समय फेल हो गया, जब शनिवार की देर रात से ही वहिदानगर उपकेंद्र से जुड़े लगभग सौ गांवों में लगभग 12 घंटे तक के लिए आपूर्ति ठप रही। हालांकि रविवार की देर शाम विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। अधिकारियों के मुताबिक कौलापुर में आउट गोइंग हाईटेंशन लाइन पंक्चर होने से यह गड़बड़ी हुई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से न सिर्फ कनेक्शनधारकों को पेयजल के लिए हलकान होना पड़ा, बल्कि इन्वर्टर भी फेल हो गए।
शासन के निर्देश पर विद्युत विभाग ने एक सप्ताह पूर्व ही दीपावली को अर्धरात्रि तक अबाधित बिजली मुहैया कराने का दावा किया था। अबाधित बिजली में किसी तरह का व्यवधान न आने पाए कंट्रोल रुम की स्थापना कर 25 जेई और आठ उप खंडीय अधिकारियों को तैनात भी किया है। इतना ही नहीं लगातार विद्युत आपूर्ति के दौरान किसी उपकरणों के जलने, फूंकने, टूट कर गिरने की स्थिति में जरूरी सामानों को भी 30 उपकेंद्रों पर उपलब्ध करवाया है। इन सब के बावजूद उपकेंद्र वहिदानगर के अरता फीडर से जुड़े चंदापुर, दरवांसी, मैलौना, सूफीनगर-सुधवै समेत कई सैकड़ों तटवर्ती गांव उस समय अंधेरे में डूब गए, जब शनिवार की रात एक बजे आउटगोइंग हाईटेंशन लाइन कौलापुर में पंक्चर हो गई। यह स्थिति लगभग 12 घंटे से अधिक तक बनी रही। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि आउट गोइंग हाईटेंशन लाइन पश्चिमी छोर से वहिदानगर उपकेंद्र को जुड़ती है। तेज आवाज के साथ पंक्चर होने पर बिजली ठप हुई थी। रविवार को सुबह जानकारी होने पर तकनीकी कर्मचारी तीन घंटे में पंक्चर की खराबी दूर कर सके। देर शाम तक वहिदानगर से विद्युत वितरण केंद्र गिराई-गोपीगंज के बीच पेट्रोलिंग कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई है। उप खंडीय अधिकारियों के नंबर न उठने और कंट्रोल रुम के क्रियाशील न होने के सवाल पर उन्होंने नाराजगी जताई है।