ज्ञानपुर। नई तहसील के समीप स्थित ट्रांसफार्मर शनिवार सुबह नौ बजे तेज आवाज के साथ फुंक गया। इससे नगर के बालीपुर, पुरानी देहाती और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ट्रांसफार्मर जलने से करीब तीन हजार की आबादी प्रभावित हो गई। सुबह आई खराबी से पानी के लिए लोग परेशान हो गए। दूसरी ओर अघोषित कटौती से परेशान नागरिकों ने पुरानी कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताया।
ज्ञानपुर के पुरानी कलेक्टेट के पीछे स्थित मोहल्ले का 90 फीसदी क्षेत्र वार्ड नौ जबकि 10 फीसदी पुरानी देहाती गांव में आता है। उक्त वार्ड संग बालीपुर मोहल्ले में बिजली आपूर्ति बेहतर रखने के लिए नई तहसील के पास ट्रांसफार्मर लगा है। गर्मी और उमस की मार ट्रांसफार्मर नहीं सह सका। शनिवार सुबह नौ बजे अचानक तेज धमको संग फुंक गया। इससे दोनों मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शुरूआत में लोग बिजली कटौती समझे लेकिन बाद में पता चला कि ट्रांसफार्मर जल गया। इससे पेयजल आपूर्ति जहां ठप हो गई वहीं गर्मी और उमस में लोग घरों में झेल गए। डिबाए के पूर्व अध्यक्ष केके सिंह, वार्ड के सभासद विजय बिंद ने विभागीय अधिकारियों से बात कर तत्काल ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने भी सक्रियता दिखाई और शाम तक ट्रांसफार्मर लग गया, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। अधिशासी अभिंयता ने कहा कि शासन के मंशानुसार ट्रांसफार्मर को बदला जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती से नाराज नागरिकों ने प्रदर्शन किया। दिन और रात में तय शेड्यूल से विपरीत कटौती रोकने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में शिवम जायसवाल, मो. आलम, रामजी पाठक, राजेश कुमार, विष्णु दास, शारदा प्रसाद, दिलीप मौर्य आदि रहे।